भावुक पोस्ट के साथ वान डर डुसेन ने खत्म किया क्रिकेट करियर
दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी बल्लेबाज रसी वान डर डुसेन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का एलान कर दिया है। यह फैसला ऐसे समय आया है जब एक दिन पहले यानी बुधवार को ही क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (CSA) ने उन्हें अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर कर दिया था। इसके बाद गुरुवार को डुसेन ने सोशल मीडिया पर एक लंबा भावुक पोस्ट साझा कर अपने करियर और सफर को याद किया।
'गर्व और कृतज्ञता के साथ संन्यास ले रहा हूं'
डुसेन ने अपने पोस्ट में लिखा, 'मैं गर्व और गहरी कृतज्ञता के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करता हूं। प्रोटियाज जर्सी पहनना एक ऐसी उपलब्धि है, जो आपको परखती भी है और आपको शानदार तरीके से पुरस्कृत भी करती है। अपने देश के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है।'
परिवार और सफर को किया याद
उन्होंने अपने शुरुआती जीवन को याद करते हुए लिखा, 'चार भाइयों एड्रियन, निको, सीई और मैं, इनके बीच बड़े होते हुए प्रोटियाज बैज हमारे लिए हमेशा सबसे खास रहा। हम इस खेल को जीते थे और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाना मेरे लिए गर्व की बात थी। मैं अपने माहौल, साथियों के प्यार और महान बनने की चाह का नतीजा हूं।'
टीम, बोर्ड और साथियों का जताया आभार
डुसेन ने अपने पोस्ट में क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका, कोच, मैनेजमेंट और टीम के साथियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा, 'क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका और सभी कोचों-मैनेजर्स का धन्यवाद, जिन्होंने मुझे प्रोटियाज जर्सी पहनने का मौका दिया।' साथ ही डुसेन ने अपने एजेंट और दोस्त का जिक्र करते हुए कहा, 'आपकी वफादारी और समझदारी मेरे पूरे करियर में मेरी दिशा बनी रही।'
पत्नी और फैंस के लिए खास संदेश
डुसेन ने अपनी पत्नी के लिए लिखा, 'आप हर कदम पर मेरे साथ रहीं… मुश्किल और शानदार दोनों पलों में आपने मेरा साथ दिया।' फैंस को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा, 'सड़कों और मैदानों पर रसी-रसी की आवाज सुनना और भरे स्टेडियम में खेलना एक अलग ही एहसास था, जो हमेशा मेरे साथ रहेगा।'
युवा खिलाड़ियों को दी सलाह
डुसेन ने अगली पीढ़ी को प्रेरित करते हुए लिखा, 'बड़े सपने देखो और उन्हें पाने के लिए सब कुछ दे दो। मैं खुद को कभी दूसरों से ज्यादा खास नहीं मानता, लेकिन मैंने अपने सपनों को जिया। आप भी जी सकते हैं।'
अंतरराष्ट्रीय करियर खत्म, लेकिन क्रिकेट जारी
उन्होंने साफ किया कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर जा रहे हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट खेलते रहेंगे और युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देंगे। डुसेन ने लिखा, 'प्रोटियाज के साथ मेरा सफर खत्म हुआ है, लेकिन क्रिकेट के साथ नहीं। मैं लायंस के लिए घरेलू क्रिकेट खेलता रहूंगा और अगली पीढ़ी को सिखाने का काम करूंगा। इसके लिए मैं प्रतिबद्ध हूं।'
रसी वान डर डुसेन का करियर
प्रारूप मैच पारियां रन औसत शतक अर्धशतक
टेस्ट 18 32 905 30.16 0 6
वनडे 71 65 2657 50.13 6 17
T20I 57 53 1406 33.47 0 10
फर्स्ट क्लास 138 234 8546 41.08 17 47
लिस्ट-ए 169 160 6333 46.56 14 38
T20 254 242 7295 36.84 5 45
एक मजबूत करियर का अंत
डुसेन का करियर खासकर वनडे क्रिकेट में शानदार रहा, जहां उन्होंने 50 से ज्यादा की औसत से रन बनाए। वह लंबे समय तक दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी की रीढ़ रहे।

महिलाओं ने धरना दिया, भजन-कीर्तन के साथ विरोध प्रदर्शन
राज्यसभा में बदलाव: राघव चड्ढा की जगह अशोक मित्तल को जिम्मेदारी
किसानों को बड़ी राहत, CM मोहन यादव ने कंबाइन हार्वेस्टर को किया टोल मुक्त
दिल्ली की जीत के हीरो समीर रिजवी की पर्सनल लाइफ चर्चा में